अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर मेडिकल कालेज में हुआ कन्या जन्मोत्सव कार्यक्रम का आयोजन

अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर मेडिकल कालेज में हुआ कन्या जन्मोत्सव कार्यक्रम का आयोजन

Share with
Views : 242
झाँसी - शनिवार, 8 मार्च 2025 

राज्य महिला आयोग, उ0प्र0 की सदस्य श्रीमती अनुपमा सिंह लोधी के मुख्य आतिथ्य एवं महिला कल्याण तथा बाल विकास पुष्टाहार विभाग एवं संस्कार संरक्षण समिति के संयुक्त तत्वाधान में "कन्या जन्मोत्सव कार्यक्रम" का आयोजन महारानी लक्ष्मी बाई मेडिकल कॉलेज, झांसी में किया गया।

         कार्यक्रम में मंचासीन अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट एवं बैच अलंकरण कर स्वागत किया गया। इस अवसर पर चिकित्सालय के शिशु वार्ड में आज ही के दिन जन्म लेने वाली 09 कन्याओं का केक काटकर जन्मदिवस मनाया गया। इसके साथ ही जन्म लेने वाली कन्याओं की माताओं का मुख्य अतिथि सहित उपस्थित अन्य अतिथियों द्वारा माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। और जन्म लेने वाली कन्याओं को उपहार में बेबीकिट एवं मिष्ठान का वितरण किया गया तथा जिले में महिला सशक्तिकरण के लिए उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
         कन्या जन्मोत्सव के अवसर सदस्य राज्य महिला आयोग श्रीमती अनुपमा सिंह लोधी ने अपने सम्बोधन में कहा कि बेटी बचाओ, बेटी पढाओ अभियान के 10 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में शासन के निर्देशानुसार आज इस "कन्या जन्मोत्सव कार्यक्रम" का आयोजन किया गया, उन्होंने कहा कि पुरातन युग से समाज के उत्थान में महिलाओं की विशेष भूमिका रही है। प्रत्येक दिवस महिलाओं का दिवस है। मेरी अपील है, कि महिलाओं एवं बालिकाओं का सदैव सम्मान करें। वर्तमान सरकार द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं के विकास एवं सुरक्षा के लिये निरंतर नये-नये प्रयास किये जा रहे है, हम सभी को सरकार के इन प्रयासों का पूर्णरुप से सहयोग करना चाहिए। उन्होने कहा कि स्वास्थ्य विभाग में महिला नर्सिंग स्टाफ द्वारा महिलाओं की गर्भावस्था की अवधि के दौरान गर्भ धारण करने से लेकर प्रसव की अवधि तक समय-समय पर विभिन्न प्रकार की स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ प्रदान किया जाता है, जिसके लिये नर्सिंग स्टाॅफ धन्यवाद एवं सराहना का पात्र है। सभी अभिभावक बालिकाओं की शिक्षा पर विशेष रुप से ध्यान दें, जिससे बालिकायें शिक्षा प्राप्त कर जीवन में आने वाली प्रत्येक चुनौतियों का दृढ़तापूर्वक सामना कर सकें। महिला आयोग, महिलाओं की सुरक्षा एवं सम्मान के लिये पूर्णरुप से दृढ़ सकल्पित है।
         कार्यक्रम में मेडिकल कालेज के प्रधानाचार्य डाॅ0 मंयक सिंह ने कहा कि आज का समय महिलाओं का है। उन्होने कहा कि शिक्षा और स्वास्थ्य महिला सशक्तिकरण को प्रभावित करने वाले दो महत्वपूर्ण कारक है। बालिकायें शिक्षा ग्रहण कर आत्मनिर्भर बन सकती है। इस प्रकार के आयोजनों का उददेश्य हम सभी को अपने अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरुक करना है।
         विभाग अध्यक्ष स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग डॉ हेमा जे० शोभने ने कहा कि आज स्वास्थ्य विभाग द्वारा कन्या जन्मोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है, यह कार्य उन महिलाओं को जागरुक करने हेतु किया जा रहा है, जो महिलायें घर के कार्यो में व्यस्त रहती है। महिलायें आज विकास के प्रत्येक क्षेत्र में अपना सहयोग प्रदान कर रही है। महिलायें यदि सशक्त एवं शिक्षित होगीं तो प्रसव के दौरान महिलाओं की मृत्युदर में कमी आ सकेगी। सशक्तिकरण महिलाओं को स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने का कार्य करती है।
          जिला प्रोबेशन अधिकारी सुरेंद्र कुमार पटेल ने महिलाओं के संघर्ष समर्पण और प्रेरणा के विषय पर प्रकाश डाला एवं सरकार द्वारा महिलाओं के लिए संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से अवगत भी कराया। उन्होने कहा कि महिलाओं की उपलब्धि में स्वास्थ्य एवं सुरक्षा विभाग का महत्वपूर्ण योगदान है। महिलाओं के प्रति हम सभी को सदैव प्रेरणादायी एवं सहयोगात्मक भाव रखना चाहिए। आज अन्तर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर हम सभी को भ्रूण हत्या पर पूर्णरुप से अंकुश लगाने का संकल्प लेना चाहिए, इसके साथ ही महिलाओं की सुरक्षा एवं विकास को ध्यान में रखते हुये कार्यालय में आने वाली महिला फरियादियों के प्रार्थना पत्रों पर प्राथमिकता से संज्ञान लेना चाहिए।
          कार्यक्रम का संचालन संस्कार संरक्षण समिति के अध्यक्ष सुशील जांगड़े ने किया। इस मौके पर श्रीमती संध्या शर्मा, श्रीमती मधु जांगड़े, श्रीमती नीलम घनघोरिया, श्रीमती रुक्मणी बागबार, श्रीमती रिंकी आसौलिया, श्रीमती रंजीता तमर, श्रीमती रजनी धनघौरिया, श्रीमती शिवानी वर्मा, श्रीमती कल्पना, नसरीन खान, सेजल अग्रवाल, दीपिका त्रिवेदी, मीना दोहरे, मदन वर्मा, विजय शर्मा, हिरदेश छिलवार, चंदन असौलिया, दीपक घनघोरिया, दुष्यंत कुमार, जितेन्द्र खरे, मोहन, प्राजेश, आदि उपस्थित रहे। अंत में अर्पण शर्मा ने सभी का आभार व्यक्त किया।
error: कॉपी नहीं होगा भाई खबर लिखना सिख ले